मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसके कब्जे से नाबालिग लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
यह मामला चिल्फी थाना क्षेत्र के चौकी डिंडौरी इलाके का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक 13 मई को पीड़िता के पिता ने चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी अचानक लापता हो गई है और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की आशंका है। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।
मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम तकनीकी सहायता और मुखबिरों की मदद से लड़की और आरोपी की तलाश में जुट गई।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से अहम सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग को लेकर ग्राम लीलापुर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वहां दबिश दी और आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील को पकड़ लिया। मौके से नाबालिग लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान पीड़िता ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। लड़की ने बताया कि आरोपी ने उससे शादी करने का झांसा दिया था और इसी बहाने उसे अपने साथ ले गया। बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


