स्वतंत्र बोल
रायपुर 8 अक्टूबर 2026 : मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने गुरुवार को रायपुर में प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन किया। महिला थाना चौक पर हुए प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य निर्वाचन आयोग का घेराव किया। AAP के मुताबिक, छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभा सीटों से हजारों कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत ने किया।
AAP ने ज्ञानेश कुमार पर लगाए आरोप
प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत ने अपने संबोधन में ज्ञानेश कुमार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली और सभी राज्यों में लगातार प्रदर्शन कर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग कर रही है।
मुकेश अहलावत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने फॉर्म 6 मामले में ECI और केंद्र को नोटिस भेजा है। उन्होंने दावा किया कि कोर्ट ने इस बात का जवाब मांगा है कि फॉर्म 6 किसकी अनुमति से वेबसाइट पर अपलोड किया गया। AAP नेता ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद ज्ञानेश कुमार और आयोग तानाशाही रवैया अपना रहे हैं।
उन्होंने फॉर्म 7 के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया। उनके मुताबिक, खास तौर पर चिन्हित लोगों के नाम कटवाए गए और फर्जी नाम जुड़वाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार नरेंद्र मोदी और अमित शाह के इशारे पर काम कर रहे हैं।
4-5 राज्यों के चुनावों में धांधली का आरोप
प्रदेश सह प्रभारी सौरभ झा, सह प्रभारी समर कुमार, सह प्रभारी राकेश जाटव और सह प्रभारी राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से ज्ञानेश कुमार पर पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि पिछले 4-5 राज्यों के चुनावों में धांधली कर भाजपा को फायदा पहुंचाया गया। AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी को पता था कि एक दिन इसका खुलासा होगा। इसलिए पहले ही कानून बनाकर मुख्य चुनाव आयुक्त का बचाव कर लिया गया।
इस्तीफा नहीं देने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी
AAP नेताओं ने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार जल्द इस्तीफा नहीं देते हैं तो पार्टी पूरे छत्तीसगढ़ में और उग्र रूप में प्रदर्शन करेगी।
पार्टी ने यह प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया। प्रदर्शन के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग का घेराव भी किया गया।


