मलयालम अभिनेता जी कृष्णकुमार पर दर्ज हुई FIR, किडनैपिंग और जबरन वसूली के लगे आरोप

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली, 06 जून 2025.
मलयालम व तमिल फिल्मों के अभिनेता और राजनेता जी कृष्णकुमार मुश्किलों में फंस गए हैं। तिरुवनंतपुरम में अभिनेता के खिलाफ अपहरण और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया है। ये मामला उनकी बेटी दीया की फर्म की एक महिला कर्मचारी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। इस मामले में अभिनेता साथ उनकी बेटी दीया का भी नाम शामिल है। वहीं कृष्णकुमार ने पूरे घटनाक्रम को साजिश बताते हुए कई बड़े दावे किए हैं। उन्होंने शिकायतकर्ता पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

ad

दोनों तरफ से दर्ज कराई गई एफआईआर

youtube

पुलिस की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कृष्णकुमार और दीया ने उसका अपहरण किया और उससे पैसे ऐंठे। वहीं दूसरी ओर अभिनेता ने और उनकी बेटी ने भी महिला कर्मचारी के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कराया है। एफआईआर में कृष्णकुमार, उनकी बेटी दीया और उनके दामाद समेत कुल छह लोगों के नाम हैं. इन पर गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जी. कृष्णकुमार ने एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उल्टा पीड़िता पर ही गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब उनकी बेटी दीया गर्भवती थीं, तो वह अपनी फर्म की निगरानी नहीं कर पा रही थीं।

इसी दौरान वहां काम कर रही तीन महिला कर्मचारियों ने लगभग 69 लाख रुपए का गबन कर लिया। उन्होंने कहा, ”जब हमें इसका पता चला तो हमने पुलिस कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद वे महिलाएं अपने पतियों के साथ हमसे मिलने आईं और गबन की बात कबूल कर ली। उन्होंने करीब 8 लाख रुपए लौटा दिए। इसके बाद शिकायत नहीं करने की बात पर बाकी पैसे लौटाने के लिए कहा था।”

बकौल कृष्णकुमार बाद में एक महिला कर्मचारी ने उनकी बेटी दीया को फोन पर धमकाया. इसके बाद उन्होंने 30 या 31 मई को पुलिस में शिकायत दी। उन्होंने दावा किया कि उनके द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के ठीक एक दिन बाद, कर्मचारी ने पलटवार करते हुए उन पर ही अपहरण और जबरन वसूली का केस दर्ज करा दिया। अभिनेता का कहना है कि उनके पास महिला कर्मचारियों द्वारा गबन स्वीकाराने का वीडियो फुटेज है। उन्होंने कहा कि ये सभी इलेक्ट्रॉनिक सबूत पुलिस को सौंप दिए गए हैं।

एक्टर ने सीएम को भेजा मेल

जी कृष्णकुमार ने आगे बताया कि उन्होंने हमारे शिकायत दर्ज कराने के एक दिन बाद शिकायत दर्ज कराई है। अब मुझे पता चला है कि मेरे दामाद सहित मेरे परिवार के सभी छह सदस्यों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। कृष्णकुमार ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री कार्यालय को मामला बताते हुए एक ईमेल भेजा है और वहां से उन्हें जवाब मिला है।