दीवार में सेंध, लाखों के जेवर पार…

स्वतंत्र बोल
रायपुर  11 अगस्त 2026  रायपुर में चोरों ने ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाने के लिए अनोखा रास्ता चुना। रात के अंधेरे में दीवार तोड़ी, दुकान के अंदर दाखिल हुए और करीब 20 किलो चांदी, सोने के जेवर और कैश लेकर फरार हो गए। टिकरापारा थाना क्षेत्र की रावतपुरा कॉलोनी में चोरों ने एक ज्वेलरी शॉप की दीवार में सेंध लगाकर दुकान के अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपए के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।

ad

यह वारदात श्री गुरु ज्वेलर्स में हुई।चोरों ने रात के समय पहले दुकान की दीवार तोड़ी और उसमें बड़ा गड्ढा बनाया। इसके बाद उसी रास्ते से दुकान के भीतर दाखिल होकर वहां रखे करीब 20 किलो चांदी के जेवर, सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

youtube

चोरी गए सामान की कीमत 20 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। हालांकि, चोरी हुए सामान की पूरी कीमत और मात्रा का आकलन किया जा रहा है।

घटना का पता उस वक्त चला, जब सुबह ज्वेलरी शॉप के संचालक दुकान खोलने पहुंचे। दुकान की दीवार टूटी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती जेवर व नकदी गायब थी।

इसके बाद दुकान संचालक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि चोरों की गतिविधियों और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। वहीं, कारोबारी से चोरी गए जेवर और नकदी की पूरी जानकारी ली जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही चोरी की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।