स्वतंत्र बोल
रायपुर 31 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर शनिवार, 31 अक्टूबर को हैदराबाद से रायपुर लाया जाएगा। सुबह 8:30 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पार्थिव देह को भिलाई-3 और दुर्ग ले जाया जाएगा। यहां अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के बाद उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा में दोपहर 2 बजे अंतिम संस्कार होगा। डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शुक्रवार को हैदराबाद में उपचार के दौरान निधन हो गया था। शनिवार को विमान से उनका पार्थिव शरीर रायपुर पहुंचेगा। इसके बाद अंतिम यात्रा अलग-अलग स्थानों से होते हुए बालोद जिले के गुंडरदेही क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा पहुंचेगी।
सुबह 8:30 बजे रायपुर पहुंचेगी पार्थिव देह
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शनिवार सुबह 8:30 बजे पार्थिव शरीर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेगा। यहां सुबह 9:30 बजे तक अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए समय रखा गया है। इसके बाद सुबह 10:15 बजे पार्थिव देह भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास पहुंचेगी। यहां सुबह 11 बजे तक लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे।
दुर्ग के जवाहर नगर में भी होंगे अंतिम दर्शन
भिलाई-3 स्थित आवास से सुबह 11 बजे प्रस्थान के बाद पार्थिव शरीर सुबह 11:30 बजे दुर्ग के जवाहर नगर पहुंचेगा। यहां दोपहर 12:30 बजे तक अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि का कार्यक्रम रहेगा। इसके बाद पार्थिव देह को पैतृक गांव भेण्ड्रा के लिए रवाना किया जाएगा।निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, पार्थिव शरीर दोपहर 1 बजे बालोद जिले के गुंडरदेही क्षेत्र स्थित ग्राम भेण्ड्रा पहुंचेगा। यहां दोपहर 2 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए समय रखा गया है। इसके बाद दोपहर 2 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


