कर्ज के बोझ से परेशान था चौकीदार? कलेक्टोरेट परिसर में फांसी लगाने से मचा कोहराम

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 31 अक्टूबर 2026:
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कलेक्टोरेट परिसर में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां पहुंचे लोगों ने सीढ़ियों पर एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी सांसें थम चुकी थीं और शरीर बेजान था। मृत व्यक्ति की पहचान रायपुर कलेक्टोरेट में ही काम करने वाले चौकीदार दिनेश पटेल के रूप में हुई है। राज्योत्सव की चल रही तैयारियों के बीच सरकारी दफ्तर के भीतर हुई इस घटना से प्रशासनिक महकमे में सनसनी फैल गई है।

ad

20 लाख से अधिक कर्ज के तनाव की आशंका

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक दिनेश पटेल ने अपनी आमदनी से कहीं अधिक का कर्ज ले लिया था। चर्चा है कि वह 20 लाख रुपये से अधिक के कर्ज के बोझ तले दबा हुआ था और इसी वजह से काफी परेशान चल रहा था। हालांकि, यह अभी केवल कयास और शुरुआती चर्चा है, क्योंकि मौके से या मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी।

youtube

सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया मर्ग

सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि पुलिस को सुबह के वक्त घटना की जानकारी मिली थी। मृतक की पहचान दिनेश कुमार पटेल (उम्र 50 वर्ष), पिता प्रभु राम पटेल, निवासी श्री साईं नगर, बोरिया खुर्द, आरडीए कॉलोनी (थाना टिकरापारा क्षेत्र) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अत्यधिक कर्ज और लोन जैसी बातें सामने आ रही हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के असल कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।