दिवाली से पहले सरकार का बड़ा ऐलान: जानिए किन कर्मचारियों को मिलेगा बोनस और किसको कितना फायदा

Untitled

स्वतंत्र बोल
जयपुर 31 अक्टूबर 2026:
केंद्र सरकार की घोषणा के बाद अब राजस्थान सरकार ने भी राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंजूरी के बाद शुक्रवार को कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) और पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में 3 फीसदी बढ़ोतरी का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया। इसके साथ ही राज्य सरकार ने दिवाली के अवसर पर करीब 6 लाख पात्र कर्मचारियों को 7 हजार रुपये तक का बोनस देने के आदेश भी जारी कर दिए हैं।

ad

63 फीसदी हुआ डीए, 12 लाख से अधिक लोगों को लाभ

राजस्थान में वर्तमान में करीब 7 लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारी और 5 लाख से अधिक पेंशनर्स हैं। राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी इस 3 प्रतिशत डीए बढ़ोतरी का सीधा लाभ मिलेगा। अब तक राज्य में कर्मचारियों और पेंशनर्स को 60 फीसदी डीए और डीआर मिल रहा था, जो अब बढ़कर 63 फीसदी हो गया है। इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार के खजाने पर चालू वित्त वर्ष में करीब 820 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक भार आएगा।

youtube

जानिए किस कर्मचारी का कितना बढ़ेगा वेतन

डीए में 3 फीसदी की वृद्धि होने से पे-मैट्रिक्स के हिसाब से अलग-अलग लेवल के कर्मचारियों और अधिकारियों के वेतन में भिन्न-भिन्न बढ़ोतरी होगी। एल-1 से लेकर एल-24 तक के वेतनमान के अनुसार कर्मचारियों के मासिक वेतन में 500 रुपये से लेकर 4500 रुपये प्रति माह तक का इजाफा होगा। इससे पहले राज्य सरकार ने इसी वर्ष अप्रैल महीने में कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए 2 फीसदी बढ़ाया था, जिससे डीए 58% से बढ़कर 60% हुआ था। राजस्थान में लंबे समय से परंपरा रही है कि केंद्र द्वारा डीए बढ़ाने के तुरंत बाद राज्य सरकार भी डीए में बढ़ोतरी करती है।

1 जुलाई से लागू होगा फैसला, एरियर का भुगतान ऐसे होगा

सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक बढ़ा हुआ डीए 1 जुलाई से लागू माना जाएगा। जुलाई से अक्टूबर तक के चार महीनों के डीए के बकाया (एरियर) का भुगतान कर्मचारियों के जीपीएफ (सामान्य भविष्य निधि) खातों में जमा किया जाएगा। कर्मचारियों को बढ़ा हुआ नकद डीए नवंबर महीने के वेतन के साथ मिलेगा। वहीं, पेंशनभोगियों को 1 जुलाई से बढ़ा हुआ डीआर (महंगाई राहत) सीधे नकद रूप में दिया जाएगा।