स्वतंत्र बोल
मुंबई 14 सितंबर 2026. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। करीब छह साल पुराने इस मामले में दर्ज सीबीआई की एफआईआर में पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे समेत कई नामचीन लोगों के नाम शामिल हैं। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद अब केंद्रीय एजेंसी इस पूरे घटनाक्रम की नए सिरे से जांच शुरू करेगी।
एफआईआर में शामिल प्रमुख नाम और आरोप
सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर में शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, रोहन रॉय, डिनो मोरिया, सूरज पंचोली, आदित्य ठाकरे के बॉडीगार्ड, रिया चक्रवर्ती और शोविक चक्रवर्ती का नाम शामिल है। इसके अलावा सचिन वाज़े, परमबीर सिंह, डीसीपी विशाल ठाकुर, अनिल देशमुख, एपीआई अशोक देवधे, पीआई जगदेव कलापद, मालवणी पुलिस स्टेशन के संबंधित अधिकारी, पोस्टमार्टम में देरी के लिए जिम्मेदार डॉक्टर व स्टाफ, रीजेंट गैलेक्सी बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड और एसआईटी (SIT) के सीनियर पुलिस अधिकारी भी इसमें नामजद हैं। इन सभी पर मामले को दबाने की कोशिश करने और सरकारी रिकॉर्ड में हेर-फेर करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
बॉम्बे हाईकोर्ट का आदेश और मुंबई पुलिस को फटकार
बॉम्बे हाईकोर्ट के जस्टिस सारंग कोटवाल और जज रंजीतसिंह राजा भोंसले की बेंच ने दो सितंबर को इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया था। कोर्ट ने सीबीआई को जांच के लिए एक अनुभवी और सीनियर अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश भी दिया था। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने जांच में लापरवाही को लेकर मुंबई पुलिस को कड़ी फटकार लगाई थी। कोर्ट ने छह साल तक मामले को केवल दुर्घटनावश मौत (ADR) के रूप में देखने, एफआईआर दर्ज न करने और जांच में सामने आई स्पष्ट विसंगतियों पर सवाल उठाए थे।
दिशा सालियान के पिता की अर्जी और आरोप
दिशा सालियान के पिता ने हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल कर अपनी बेटी के साथ रेप और मर्डर का आरोप लगाया था। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी और शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की गुहार लगाई थी। इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने सीबीआई जांच के आदेश जारी किए थे।
8 जून 2020 की घटना और सुशांत सिंह राजपूत से जुड़ाव
दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक आवासीय इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस घटना के ठीक एक सप्ताह बाद 14 जून 2020 को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। इसके बाद दोनों मौतों के बीच संभावित संबंध को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगी थीं। राजपूत की मौत के बाद महाराष्ट्र सरकार ने सीबीआई जांच के आदेश दिए थे, जिसमें बाद में एजेंसी ने क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करते हुए इसे आत्महत्या बताया था। अब दिशा सालियान मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद सीबीआई पूरे घटनाक्रम की नए सिरे से पड़ताल करेगी।


