स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 17 सितंबर 2026: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले स्थित मजालता के जंगलों में बुधवार देर रात सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आतंकियों को मार गिराया। क्षेत्र में आतंकियों के छिपे होने की गुप्त सूचना के बाद सेना, सीआरपीएफ (CRPF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) ने तलाशी अभियान शुरू किया था। खुद को घिरा देखकर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकी ढेर हो गए।
सूत्रों के अनुसार, मारे गए दोनों आतंकियों के पाकिस्तानी नागरिक होने और आतंकी संगठन ‘कश्मीर टाइगर्स’ (KT) या ‘जैश-ए-मोहम्मद’ (JeM) से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उनके सटीक संगठन और पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। सुरक्षाबल इलाके में सर्च ऑपरेशन के दौरान अन्य सबूत जुटा रहे हैं।
घने जंगल में घेराबंदी और ड्रोन से निगरानी
उधमपुर का मजालता इलाका घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ी भूभाग से घिरा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों को पिछले कुछ दिनों से ब्रेटल-खुब्बन बेल्ट और आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके बाद क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई थी। बुधवार देर रात संदिग्ध हलचल की पुष्टि होते ही पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
रात का अंधेरा, घना जंगल और पहाड़ी इलाका होने के कारण सुरक्षाबलों को ऑपरेशन चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इलाके में किसी अन्य संदिग्ध की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए नाकाबंदी सख्त कर दी गई है। पूरे इलाके की निगरानी और तलाशी के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है।
इस साल अब तक 15 आतंकी घटनाएं
जम्मू-कश्मीर में इस साल अब तक आतंकी हिंसा से जुड़ी 15 घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं। इन अभियानों में सुरक्षाबलों ने अब तक कुल 15 आतंकियों को ढेर किया है। वहीं, इन मुठभेड़ों में 2 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए हैं और 3 आम नागरिकों की जान गई है। अकेले उधमपुर जिले में इस साल सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच यह दूसरी मुठभेड़ है।


