स्वतंत्र बोल
कोरबा, 27 जून 2026: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। कटघोरा थाना क्षेत्र के भालूमोड़ के पास दो तेज रफ्तार ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेलरों के परखच्चे उड़ गए, जबकि एक ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और गंभीर चोटों के चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद दूसरा ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, भालूमोड़ के पास दो ट्रेलर आमने-सामने टकरा गए। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक ट्रेलर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। चालक का शव केबिन में बुरी तरह फंसा होने के कारण पुलिस को कटर की मदद से केबिन काटकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के तुरंत बाद दूसरा ट्रेलर चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश की जा रही है, वहीं दुर्घटना के वास्तविक कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।


