स्वतंत्र बोल
रायपुर 22 सितम्बर 2026 : छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर प्रदेश के कई हिस्सों में दिख रहा है। मौसम विभाग ने 22 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भी झमाझम बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम दे रहा असर
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम-मध्य और उससे लगे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र सोमवार दोपहर तक उसी इलाके में सक्रिय रहा। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है।
यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। अगले 24 से 48 घंटे में इसके अवदाब से गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है। इसके 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तरी आंध्रप्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंचने के आसार हैं।
इस सिस्टम का असर अब छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है।
भैरमगढ़ में सबसे ज्यादा 5 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान भैरमगढ़ में सबसे ज्यादा 5 सेमी बारिश दर्ज की गई।
गंगालूर में 4 सेमी बारिश हुई। वहीं बिहारपुर, रतनपुर, दुर्ग, बेलगहना और पेंड्रा रोड में 3-3 सेमी बारिश दर्ज की गई।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 22 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने का अनुमान है। शहर में एक-दो दौर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने का अनुमान है।
24 सितंबर को बस्तर में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में मानसून की विदाई से पहले प्रदेश में एक बार फिर बारिश का असर देखने को मिल सकता है।


