स्वतंत्र बोल
राजनांदगांव 11 जून 2026: जिले के ग्रामीण वार्ड सिंगदई में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में बड़ी संख्या में मवेशियों के शव बिखरे पड़े मिले। शुरुआती जांच में सामने आया है कि खेत में टूटकर गिरे बिजली तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से 18 मवेशियों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने सिंगदई स्थित एक खेत में मवेशियों के शव पड़े देखे। भयावह दृश्य देखकर तत्काल कोटवार के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, पशु चिकित्सा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली थी। तेज आंधी और तूफान के कारण कई जगह बिजली लाइनें प्रभावित हुईं। आशंका है कि इसी दौरान खेतों से गुजर रही बिजली लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। तार में बिजली प्रवाहित होती रही और आसपास घास चर रहे मवेशी इसकी चपेट में आ गए।
ग्रामीणों के अनुसार रात के दौरान मवेशी खेत में पहुंचे और करंट लगने से एक-एक कर उनकी मौत हो गई। सुबह जब लोग खेत की ओर पहुंचे तो वहां मवेशियों के शव बिखरे पड़े थे। इस दृश्य ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का पंचनामा तैयार किया। पशु चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली लाइनों की समय पर निगरानी और मरम्मत नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी ओर मवेशी मालिकों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि एक साथ इतने मवेशियों की मौत से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


