छत्तीसगढ़ में अभी और झुलसाएगी गर्मी! अगले 48 घंटे बेहद खतरनाक, लू के साथ आंधी-बारिश का डबल अलर्ट

स्वतंत्र बोल
रायपुर 28 मई 2026:  छत्तीसगढ़ में गर्मी अब और खतरनाक रूप लेने जा रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 2 दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में भीषण गर्मी और लू का असर और तेज हो सकता है। रायपुर समेत सेंट्रल छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लोगों को झुलसाने वाली गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है।

ad

नौतपा के बीच आसमान से बरस रही आग ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। पिछले 24 घंटे के दौरान दुर्ग सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5°C दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 26°C रिकॉर्ड हुआ।

youtube

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में अचानक मौसम करवट भी ले सकता है। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। हालांकि इससे पहले गर्म हवाएं लोगों को बुरी तरह परेशान कर सकती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में यह बदलाव राहत भी देगा और खतरा भी बढ़ा सकता है।

बुधवार को रायपुर के देवपुरी इलाके में अचानक आई तेज आंधी से बिजली का पोल गिर गया था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर इंसानों के साथ-साथ जानवरों और पक्षियों पर भी दिखाई दे रहा है। खैरागढ़ और कांकेर जिले में लू की वजह से मोर, चमगादड़ और कई वन्य जीवों की मौत की खबरों ने चिंता और बढ़ा दी है।

डॉक्टरों ने भीषण गर्मी को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उनका कहना है कि लगातार तेज धूप और गर्म हवाओं के संपर्क में रहने से हीटस्ट्रोक यानी लू लगने का खतरा तेजी से बढ़ जाता है। लू लगने पर शरीर का कूलिंग सिस्टम काम करना बंद कर देता है और समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और धूप में सावधानी बरतने की अपील की है। फिलहाल पूरे प्रदेश की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले 48 घंटे राहत लेकर आएंगे या गर्मी का कहर और बढ़ाएंगे।