स्वतंत्र बोल
रायपुर 9 अक्टूबर 2026 : छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है. 8 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ और इलाकों से मानसून वापस लौट गया है. मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तरी व मध्य इलाकों में एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश हुई, जिसके बाद अब प्रदेश में मौसम शुष्क होने लगा है और दिन का तापमान बढ़ने लगा है.
रायपुर में 34 डिग्री पहुंचेगा पारा, आज हल्की बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में बारिश थमने के बाद लोगों को दिन के समय तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. 9 अक्टूबर को रायपुर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, जिससे अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है. हालांकि मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या छीटें पड़ने की संभावना जताई है.
पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव रहा सबसे गर्म, कुसमी में 5 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में राजनांदगांव सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा जगदलपुर में 33.6, माना एयरपोर्ट में 33.4, दुर्ग में 32.2 और अंबिकापुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. वहीं बारिश के आंकड़ों की बात करें तो कुसमी में 5 सेमी, चांदो में 3 सेमी, लाभांडी, रामचंद्रपुर, बेलतरा और दुर्ग में 2 सेमी जबकि केशकाल व मैनपाट में 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई.
द्रोणिका और चक्रवाती सिस्टम का दिख रहा असर
मौसम विज्ञानियों के अनुसार 8 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों, गोवा और कर्नाटक के कुछ इलाकों से भी मानसून की वापसी हो चुकी है. वर्तमान में उत्तर-पूर्व बिहार से झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए तेलंगाना तक एक द्रोणिका बनी हुई है. इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर हवाओं का एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) भी सक्रिय है, जिसके प्रभाव से कहीं-कहीं आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं.


