नेशनल हाईवे पर मौत का तांडव… आमने-सामने टकराईं कारें, चीखों के बीच 6 की मौके पर मौत

स्वतंत्र बोल
कांकेर 10 अप्रैल 2026:
 
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर एक भीषण सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया है। तेज रफ्तार से आ रही दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

यह खौफनाक हादसा नाथिया नवागांव के पास हुआ, जो कोतवाली थाना क्षेत्र में आता है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। निखिल राखेचा भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घायलों को मेडिकल कॉलेज कांकेर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस फिलहाल इस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों कारों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते यह भीषण टक्कर हुई। हालांकि, हादसे की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा घायलों के बयान और जांच के बाद ही हो सकेगा।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। चंद सेकंड में हुई इस टक्कर ने कई घरों के चिराग बुझा दिए और पीछे छोड़ गया सिर्फ सन्नाटा और मातम।