BREAKING: 16 साल से जिस कर्मचारी पर था सबसे ज्यादा भरोसा, उसी ने खाली कर दिया करोड़ों का सोना!

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 20 मई 2026: राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित एक नामी ज्वेलरी दुकान में ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने कारोबारियों के बीच सनसनी फैला दी है। जिस कर्मचारी पर मालिक ने 16 साल तक आंख बंद कर भरोसा किया, उसी पर अब करीब 2 करोड़ रुपए से ज्यादा के सोने के जेवर गायब करने का आरोप लगा है। घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई।

ad

मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। यहां मनोहरमल एंड कंपनी ज्वेलर्स के संचालक सुरेश भंसाली ने अपने ही कर्मचारी सूरज साहू के खिलाफ गबन की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

youtube

जानकारी के मुताबिक सूरज साहू पिछले 16 साल से दुकान में काम कर रहा था। उसे रोजाना डिस्प्ले में रखे गए सोने के जेवरों को दुकान बंद होने के बाद लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन इसी भरोसे की आड़ में करोड़ों का खेल हो गया।

बताया जा रहा है कि 9 अप्रैल 2026 को दुकान बंद होने के दौरान आरोपी ने जेवरों को लॉकर में रखने के बजाय अपने पास रख लिया। शुरुआत में किसी को भनक तक नहीं लगी। लेकिन 13 अप्रैल को जब दुकान में स्टॉक मिलान किया गया तो भारी गड़बड़ी सामने आई।

जांच में कुल 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोना गायब मिला। इतने बड़े नुकसान के बाद दुकान में हड़कंप मच गया। कारोबारी ने सभी कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी सामने नहीं आई। इसके बाद जब CCTV फुटेज खंगाले गए तो पूरा शक सूरज साहू पर जाकर टिक गया।

कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह के मुताबिक शिकायत के आधार पर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ गबन का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस अब CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। करोड़ों की इस चोरी ने रायपुर के सराफा कारोबारियों में भी डर और चिंता बढ़ा दी है।