स्वतंत्र बोल
जांजगीर-चांपा/अकलतरा,20 मई 2026: जिले में सोमवार को हुआ एक भीषण सड़क हादसा कई परिवारों की खुशियां छीन ले गया। ग्राम खटोला के पास ओवरटेक करने की कोशिश अचानक मौत का कारण बन गई। तेज रफ्तार बाइक और सामने से आ रही कार के बीच इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि सड़क पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक ग्राम कोटगढ़ निवासी भूपेंद्र धीवर (22), बुधराम धीवर (30), डेमन धीवर (28) और फागूराम धीवर (25) एक ही मोटरसाइकिल में सवार होकर अकलतरा की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ग्राम खटोला के पास बाइक सवारों ने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार क्रमांक CG 10 AU 1762 से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी खतरनाक थी कि बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला।
इस दर्दनाक हादसे में बाइक चला रहे भूपेंद्र धीवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मां कर्मा एंबुलेंस के संचालक पारस साहू मौके पर पहुंचे और सभी घायलों व मृतक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक बुधराम धीवर और फागूराम धीवर की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जबकि डेमन धीवर खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
पुलिस ने मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


