बाथरूम के बगल में रखी जा रही थी बिरयानी, निगम की रेड में खुला गंदगी का खेल; होटल सील, ₹1 लाख का जुर्माना

स्वतंत्र बोल
रायपुर 16 जून 2026 :  राजधानी रायपुर में नगर निगम की औचक कार्रवाई के दौरान एक होटल की रसोई व्यवस्था देखकर अधिकारियों के होश उड़ गए। निरीक्षण में बाथरूम से लगे स्थान पर मटके में बिरयानी रखी मिली, जबकि पूरे परिसर में भारी गंदगी और अस्वास्थ्यकर माहौल पाया गया। गंभीर अनियमितताओं और नियमों के लगातार उल्लंघन पर नगर निगम ने होटल को सील कर दिया और एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

ad

जानकारी के अनुसार, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-4 नगर निवेश, स्वास्थ्य, राजस्व, बाजार और निगम मुख्यालय की संयुक्त टीम ने नगर घड़ी चौक के समीप स्थित होटल अमृतसरी में कार्रवाई की। टीम का नेतृत्व उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही और जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारियों ने किया।

youtube

नगर निगम को होटल के संबंध में लगातार गंभीर जनशिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर किए गए औचक निरीक्षण में होटल की स्वच्छता व्यवस्था बेहद खराब पाई गई। जांच के दौरान सड़क पर किचन संचालित किया जाना, गंदगी के बीच खाद्य सामग्री का भंडारण और बाथरूम से सटे स्थान पर बिरयानी रखे जाने जैसी गंभीर लापरवाहियां सामने आईं।

अधिकारियों ने बताया कि होटल अमृतसरी रायपुर नगर निगम का बड़ा बकायादार भी है। कई वर्षों से बकाया राशि जमा नहीं की गई थी। पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बावजूद न तो बकाया भुगतान किया गया और न ही स्वच्छता संबंधी कमियों में सुधार किया गया। इसके बाद निगम ने होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया और एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

इसी अभियान के तहत नगर निगम की टीम ने गोलबाजार, मालवीय रोड और आसपास के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में भी निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान 17 दुकानों में गंदगी पाए जाने पर कुल 18 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

वहीं नगर निवेश विभाग ने सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले लगभग 25 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 50 हजार रुपये का सड़क बाधा शुल्क वसूल किया। राजस्व और बाजार विभाग की टीम ने निगम की दुकानों के किरायेदारों तथा सड़क पर सामान फैलाकर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी और कई स्थानों से सामान भी जब्त किया।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता, अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था को लेकर चलाया जा रहा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे अभियान में टीम प्रहरी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह अभियान रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर शहर में सुगम यातायात और बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार संचालित किया जा रहा है।