स्वतंत्र बोल
रायपुर, 19 मई 2026: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने प्रधानमंत्री Narendra Modi को लेकर ऐसा बयान दे दिया, जिसने राजनीतिक गलियारों में बड़ा बवाल खड़ा कर दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान भूपेश बघेल ने कहा, “यह कुर्सी है तुम्हारा जनाजा तो नहीं, जब कुछ कर नहीं सकते तो उतर क्यों नहीं जाते।” उनके इस बयान के बाद सियासत अचानक गरमा गई है और बीजेपी हमलावर हो गई है।
भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री मोदी पर देश संभालने में असफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर उनसे देश नहीं संभल रहा है तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए और बीजेपी किसी दूसरे नेता को प्रधानमंत्री बना दे। उन्होंने केंद्र सरकार पर देश को “बर्बाद” करने का आरोप भी लगाया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि खेल और आयोजन होने चाहिए, इससे किसी को इनकार नहीं है, लेकिन जब देश संकट में हो तब सरकार को प्राथमिकताएं तय करनी चाहिए। उन्होंने सरकार पर मितव्ययिता की बात जनता से करने और खुद अपव्यय करने का आरोप लगाया। बघेल ने कहा कि “दोनों बातें एक साथ नहीं चल सकतीं।”
भूपेश बघेल के इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। रायपुर बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने पलटवार करते हुए कहा कि भूपेश बघेल सिर्फ राजनीतिक फायदा लेने और अपनी छवि चमकाने के लिए ऐसे बयान देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के बयान अब राजनीतिक मर्यादा की सीमाएं पार करते जा रहे हैं।
इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर भी बयान को लेकर बहस छिड़ गई है। कोई इसे लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की आजादी बता रहा है तो कोई इसे प्रधानमंत्री पद का अपमान करार दे रहा है।


