स्वतंत्र बोल
धमतरी,20 मई 2026: शहर में बुधवार तड़के एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पुलिस विभाग समेत पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रात के अंधेरे में रूटीन गश्त पर निकले दो पुलिसकर्मी शायद यह नहीं जानते थे कि कुछ ही मिनटों बाद सड़क पर मौत उनका इंतजार कर रही है। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को ऐसी टक्कर मारी कि एक पुलिसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
मृतक पुलिसकर्मी की पहचान कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय बैरागी के रूप में हुई है। वहीं हादसे में नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें हालत नाजुक होने पर रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे सरकारी ड्यूटी के तहत रात्रि गश्त पर निकले थे। दोनों जैसे ही सिहावा चौक स्थित संजय आर्ट्स के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वाहन क्रमांक CG05 AV 0232 हिन्द ट्रांसपोर्ट ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि टक्कर मारने के बाद भी पिकअप चालक नहीं रुका। वाहन बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। सड़क पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रधान आरक्षक विजय बैरागी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक नगर सैनिक दिलीप पांडे चला रहे थे। गंभीर रूप से घायल दिलीप को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई है। वहीं हादसे के बाद आरोपी पिकअप चालक को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है। शहर में इस दर्दनाक घटना की चर्चा पूरे दिन होती रही।


