रायपुर की कृषि समिति में बड़ा घोटाला उजागर, पूर्व पदाधिकारियों पर FIR दर्ज, धान से लेकर बोरी और हमाली तक में हेराफेरी

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 11 मई 2026:
 छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से धान खरीदी में बड़े खेल का मामला सामने आया है। धरसीवां क्षेत्र के ग्राम खौना शाखा स्थित कृषि सहकारी समिति में लाखों रुपए की गड़बड़ी उजागर होने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले में समिति के पूर्व पदाधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शुरुआती जांच में धान की कमी, बोरी घोटाला और हमाली भुगतान में फर्जीवाड़े जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।

ad

मिली जानकारी के मुताबिक कृषि सहकारी समिति से जुड़े सुजीत सिंह ठाकुर (52) ने पूर्व पदाधिकारी पवन देवांगन और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि खरीफ सीजन 2025-26 के दौरान धान खरीदी के नाम पर सुनियोजित तरीके से सरकारी राशि में गड़बड़ी की गई।

youtube

पुलिस जांच में सामने आया कि समिति के खाते में 229.60 क्विंटल धान कम पाया गया, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 11 हजार 760 रुपए बताई गई है। इतना ही नहीं, रिकॉर्ड में 574 बोरे भी कम दर्शाए गए, जिनकी कीमत 57 हजार 400 रुपए आंकी गई है।

मामले का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा हमाली भुगतान को लेकर सामने आया। आरोप है कि जहां अनुबंध के अनुसार हमाली दर 10.50 रुपए प्रति क्विंटल तय थी, वहीं रिकॉर्ड में इसे 15 रुपए दिखाकर करीब 2 लाख 19 हजार 717 रुपए का अतिरिक्त भुगतान दर्शाया गया। जांच अधिकारियों के मुताबिक यह रकम गबन की श्रेणी में आती है।

पूरे मामले में कुल 9 लाख 88 हजार 877 रुपए की अनियमितता सामने आने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे खेल में और कौन-कौन शामिल था तथा सरकारी रिकॉर्ड में हेराफेरी किस स्तर तक की गई।