सुशासन तिहार में प्रशासन का बड़ा एक्शन, गांव-गांव पहुंचकर लोगों की शिकायतों का हो रहा तुरंत समाधान

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 08 मई 2026: छत्तीसगढ़ में चल रहे “सुशासन तिहार 2026” के बीच अब प्रशासनिक शिविरों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। वजह साफ है—जहां महीनों तक भटकने के बाद भी काम नहीं होते थे, वहां अब मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। अकलतरा, सारागांव और लखुर्री में लगे जनसमस्या निवारण शिविरों में ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां हजारों लोग अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे।

ad

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप आयोजित इन शिविरों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ दिया गया। नगर पालिका अकलतरा, नगर पंचायत सारागांव और ग्राम पंचायत लखुर्री में आयोजित शिविरों में लोगों ने बड़ी संख्या में आवेदन जमा किए और कई मामलों में तत्काल राहत भी मिली।

youtube

शिविरों में पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर की चाबी सौंपी गई। वहीं मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड ऋण, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सुपोषण किट, ऋण पुस्तिका, बी-1 और खसरा जैसे जरूरी दस्तावेज और सहायता सामग्री भी वितरित की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम ने भी लोगों का ध्यान खींचा।

सबसे ज्यादा हलचल ग्राम पंचायत लखुर्री के शिविर में देखने को मिली, जहां कुल 1240 आवेदन प्राप्त हुए। अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर समस्याओं को सुना गया।

शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि किसी भी आवेदन को लंबित न रखा जाए और हर शिकायत का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बिजली, पानी, पेंशन, राशन कार्ड ई-केवाईसी, मजदूरी भुगतान और आयुष्मान कार्ड जैसी समस्याओं में लापरवाही पर नाराजगी भी जताई।

आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों से कृषि संबंधी समस्याएं साझा करने की अपील की गई। साथ ही उन्नत बीज और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य शिविरों में लोगों को शुगर, ब्लड प्रेशर और अन्य बीमारियों की नियमित जांच कराने के लिए जागरूक किया गया।

प्रशासन ने अब 12 मई को नगर पंचायत नवागढ़ और ग्राम पंचायत भड़ेसर में भी बड़े शिविर आयोजित करने की तैयारी कर ली है। कलेक्टर ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याएं सामने रखने की अपील की है।