स्वतंत्र बोल
रायपुर, 24 मई 2026: राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने के बाद सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। रायपुर क्राइम ब्रांच ने कथित ऑनलाइन सट्टा मास्टरमाइंड अमित जंघेल और उसके साथी मोंटू नामक खाईवाल को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों लंबे समय से शहर में करोड़ों रुपये के ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का खेल चला रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक अमित जंघेल ऑनलाइन सट्टे की दुनिया का पुराना खिलाड़ी माना जाता है। वह अलग-अलग इलाकों में एजेंटों के जरिए लोगों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की आईडी उपलब्ध कराता था और क्रिकेट मैचों पर सट्टा खिलवाया जाता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि स्टेशन रोड लोधीपारा, गुढ़ियारी, श्रीनगर, गौंगांव, कोटा, रामसागरपारा, बढ़ईपारा और फाफाडीह समेत कई क्षेत्रों में उसका नेटवर्क फैला हुआ था।
जांच में यह भी सामने आया है कि उसका पार्टनर मोंटू एमजी रोड इलाके में पान दुकान की आड़ में इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था। पुलिस को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि दुकान के पीछे ऑनलाइन सट्टे का खेल चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों को तेजी से इस नेटवर्क से जोड़ रहे थे।
सूत्रों का दावा है कि आरोपियों के तार चर्चित एमएन गैंग से भी जुड़े हो सकते हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि रायगढ़ पुलिस से मिले इनपुट के बाद रायपुर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। फिलहाल पुलिस उनके मोबाइल फोन, लैपटॉप और बैंकिंग ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये का ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई के बाद राजधानी में अवैध ऑनलाइन सट्टे को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन जुए और सट्टे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


