रेलवे स्टेशन के बाहर मंडरा रहा था ‘नशे का सौदागर’! बैग खुलते ही पुलिस भी रह गई हैरान, 1120 गोगो रैपर बरामद

स्वतंत्र बोल
रायगढ़ 10 जून 2026: रेलवे स्टेशन के बाहर देर रात संदिग्ध गतिविधियों में जुटे एक युवक को पकड़कर पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से 1120 नग गोगो रैपर बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर तंबाकूयुक्त फ्लेवर और गांजा भरकर नशे के लिए किया जाता है।

ad

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत 9 जून 2026 की रात साइबर सेल और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नशे में इस्तेमाल होने वाले गोगो रैपर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है।

youtube

सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान सिंधी कॉलोनी, पक्की खोली, चक्रधरनगर निवासी 38 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो कार्टूनों में रखे 20 डिब्बों से कुल 1120 नग गोगो रैपर बरामद किए गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन रैपरों के भीतर तंबाकूयुक्त फ्लेवर अथवा गांजा भरकर नशे के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह सामान तिल्दा (जिला रायपुर) से करीब 14,500 रुपये में खरीदकर रायगढ़ लाया था और शहर के विभिन्न पान ठेलों में चोरी-छिपे सप्लाई करता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसकी गतिविधियों को देखते हुए प्रतिबंधात्मक धाराओं 170/123 और 135(क) के तहत भी प्रकरण दर्ज किया है।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबार, अवैध बिक्री और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसे नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।