मौत बन गया सामूहिक भोज! खाना खाते ही गांव में मची चीख-पुकार, महिला की गई जान, 17 लोग अस्पताल में भर्ती

स्वतंत्र बोल
कोंडागांव  25 मई 2026: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशियों और मेल-मिलाप के लिए रखा गया सामूहिक भोज अचानक मातम में बदल गया। भोज में खाना खाने के कुछ घंटों बाद ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 17 लोग बीमार होकर अस्पताल पहुंच गए हैं।

ad

मामला जिले के तमरावंड क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक गांव में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। शुरुआत में सबकुछ सामान्य था, लेकिन देर रात अचानक कई लोगों को उल्टी, दस्त, चक्कर और तेज पेट दर्द की शिकायत होने लगी।

youtube

कुछ ही देर में हालात इतने बिगड़ गए कि एक-एक कर ग्रामीण बेहोश होने लगे। गांव में चीख-पुकार और हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण तत्काल बीमार लोगों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई।

इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं बाकी मरीजों का इलाज जारी है। कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। खाद्य विभाग ने भोज में परोसे गए खाने के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि भोजन में आखिर ऐसा क्या था, जिसने इतने लोगों को बीमार कर दिया।

इस घटना के बाद गांव में डर और दहशत का माहौल है। लोग अब इस बात को लेकर सहमे हुए हैं कि आखिर सामूहिक भोज का खाना अचानक जहर कैसे बन गया।