नौतपा बना ‘आग का हमला’! 47 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, लापरवाही पड़ी तो जान पर बन सकती है आफत

स्वतंत्र बोल
रायपुर 25 मई 2026: देशभर में नौतपा की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में हीटस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा तेजी से बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

ad

गौरेला पेंड्रा मरवाही के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा ने कहा है कि नौतपा के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। तेज धूप और गर्म हवाएं शरीर को तेजी से प्रभावित करती हैं, जिससे अचानक तबीयत बिगड़ने का खतरा रहता है।

youtube

उन्होंने लोगों से अपील की है कि दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक चक्कर आना, तेज सिरदर्द, उल्टी, शरीर का तापमान बढ़ना, तेज बुखार और बेहोशी जैसे लक्षण लू लगने के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि चिलचिलाती धूप में कभी भी नंगे सिर बाहर न निकलें। हल्के और सूती कपड़े पहनें ताकि शरीर का तापमान नियंत्रित रहे। इसके अलावा कैफीन और शराब जैसी चीजों से दूरी बनाने की भी सलाह दी गई है, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकती हैं।

विशेषज्ञों ने तेज धूप में भारी व्यायाम या ज्यादा मेहनत वाले काम से बचने को कहा है। शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखने के लिए नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और मौसमी फलों का सेवन फायदेमंद बताया गया है।

भीषण गर्मी के इस दौर में स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को अलर्ट कर रहा है, क्योंकि नौतपा के दौरान तापमान का कहर कई बार जानलेवा साबित हो सकता है।