जंगल के नीचे छिपा था मौत का जखीरा! सर्च ऑपरेशन में मिला ऐसा नक्सली डंप, देखकर दंग रह गई टीम

स्वतंत्र बोल
सुकमा, 24 मई 2026: छत्तीसगढ़ से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली इलाके में सुरक्षा बलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। घने जंगलों में चलाए गए विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक खतरनाक नक्सली डंप बरामद किया। डंप से मिले सामान को देखकर टीम भी हैरान रह गई।

ad

जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई पोमके-बिनागुंडा क्षेत्र के जंगलों में की गई। पुलिस और बीडीडीएस टीम को आत्मसमर्पित माओवादियों से गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में नक्सलियों ने भारी मात्रा में हथियार निर्माण सामग्री छिपाकर रखी है। इसके बाद संयुक्त टीम ने जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

youtube

सर्चिंग के दौरान जवानों को जमीन के नीचे संदिग्ध जगह दिखाई दी। खुदाई करने पर वहां छिपाकर रखा गया नक्सली डंप मिला। डंप से हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली कई खतरनाक मशीनें और उपकरण बरामद किए गए।

मौके से लेथ मशीन, बीजीएल पाइप, 12 बोर पाइप, इन्वर्टर, जनरेटर, बैटरी, ग्राइंडिंग मशीन, ड्रिलिंग मशीन, जिग सॉ मशीन, प्रेशर पंप, सोलर पैनल और करीब 20 फीट फुटबॉल पाइप सहित बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद हुई। अधिकारियों के मुताबिक माओवादी इन उपकरणों का इस्तेमाल हथियार तैयार करने और सुरक्षा बलों पर हमले की साजिश रचने के लिए करते थे।

सुरक्षा एजेंसियों ने आशंका जताई है कि यह डंप लंबे समय से गुप्त रूप से संचालित किया जा रहा था। बरामद सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया ताकि भविष्य में उसका इस्तेमाल न हो सके।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष अभियान पथक और बीडीडीएस जवानों ने संयुक्त रूप से की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि माओवाद विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जंगलों में छिपे ऐसे ठिकानों की तलाश तेज की जाएगी।