स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 22 नवंबर 2026: उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के साथ कई राज्यों में बारिश और घने कोहरे का असर दिख रहा है। राजस्थान के फतेहपुर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। मध्य प्रदेश और बिहार में भी बारिश हुई। खराब मौसम के कारण रांची एयरपोर्ट पर शनिवार को 20 फ्लाइट रद्द और 4 डायवर्ट करनी पड़ीं। राजस्थान के 6 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। फतेहपुर में सबसे कम 6.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सीकर में 7.7, उदयपुर में 8.7 और चूरू में 9.5 डिग्री सेल्सियस पारा रहा। चक्रवात ‘अकवान’ और पहाड़ों पर बर्फबारी के असर से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार में मौसम बदला है। मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश हो रही है। उज्जैन में ठंड के चलते आठवीं तक के स्कूलों का समय बदल दिया गया है। अब स्कूल सुबह 9 बजे के बाद खुलेंगे।
यूपी के 24 जिलों में घना कोहरा
उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। संभल, मुजफ्फरनगर, देवरिया और बुलंदशहर समेत कई जिलों में विजिबिलिटी कम रही। ग्रामीण इलाकों में 10 मीटर दूर तक देखना मुश्किल हो गया। हरदोई में रात का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार में रविवार सुबह नालंदा और भागलपुर में बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में पटना समेत 9 जिलों में बारिश दर्ज की गई।
राजस्थान में सर्द हवाओं से बढ़ी ठिठुरन
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश से आ रही सर्द हवाओं से राजस्थान में ठंड बढ़ने लगी है। शनिवार को सिरोही में अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह एक दिन में 2 डिग्री गिर गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक मौसम साफ रहने और ठंड का असर बने रहने का अनुमान है।
MP के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ और पहाड़ों पर बर्फबारी के असर से मध्य प्रदेश में मौसम बदल गया है। जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश हो रही है, जबकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन में ठंड बढ़ गई है। रविवार को प्रदेश के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। शाजापुर में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। झारखंड में खराब मौसम के कारण शनिवार को रांची एयरपोर्ट पर 20 फ्लाइट रद्द करनी पड़ीं। इसके अलावा 4 फ्लाइट डायवर्ट की गईं।
ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषण भी बढ़ा
सर्दी बढ़ने के साथ कई शहरों में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है। राजस्थान के बीकानेर में AQI 311 और भिवाड़ी में 301 दर्ज किया गया। दिल्ली की हवा शनिवार को भी खराब श्रेणी में रही। यहां AQI 265 दर्ज हुआ। सर्दियों में हवा ठंडी और भारी होने लगती है। हवा की रफ्तार कम होने से प्रदूषक कण जमीन के पास जमा होने लगते हैं। पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में पराली जलाने से उठा धुआं पश्चिमी राजस्थान तक पहुंच रहा है। रेगिस्तानी इलाकों में रात के समय तापमान तेजी से गिरता है। इससे थर्मल इन्वर्जन की स्थिति बन सकती है। इस दौरान प्रदूषक कण और धुआं ऊपर फैलने के बजाय निचली हवा में फंसे रहते हैं। हवा की ऊपरी परत गर्म होने से प्रदूषण को फैलने का रास्ता नहीं मिलता।


