स्वतंत्र बोल
रायपुर 29 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ सरकार ने साल 2027 का शासकीय कैलेंडर जारी कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 27 अक्टूबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, अगले साल 15 सार्वजनिक अवकाश रहेंगे। स्वतंत्रता दिवस, दशहरा और गुरु नानक जयंती जैसे कई प्रमुख त्योहार रविवार को पड़ रहे हैं। ऐसे में इन मौकों पर अलग से छुट्टी नहीं मिलेगी।
राज्यपाल रामेन डेका के नाम से जारी कैलेंडर में गणतंत्र दिवस, होली, ईद, गुड फ्राइडे, महावीर जयंती, बकरीद, जन्माष्टमी और दिवाली जैसे त्योहारों को सार्वजनिक अवकाश की सूची में शामिल किया गया है।
स्वतंत्रता दिवस और ईद-ए-मिलाद 15 अगस्त को
2027 में स्वतंत्रता दिवस और ईद-ए-मिलाद 15 अगस्त को पड़ रहे हैं। दशहरा यानी विजयादशमी 10 अक्टूबर और गुरु नानक जयंती 14 नवंबर को है। ये दोनों तारीखें भी रविवार हैं। रविवार को पड़ने वाले त्योहारों के लिए अलग से छुट्टी नहीं होगी।
शनिवार को पड़ेंगे ये त्योहार
कैलेंडर के मुताबिक, संत रविदास जयंती 20 फरवरी और महाशिवरात्रि 6 मार्च को शनिवार के दिन पड़ेंगी। महात्मा गांधी जयंती और क्रिसमस भी शनिवार को हैं। वहीं, दिवाली 29 अक्टूबर को शुक्रवार के दिन मनाई जाएगी।
1 अप्रैल को बैंकों और कोषागारों में अवकाश
सरकार ने 1 अप्रैल को बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी के लिए अवकाश घोषित किया है। यह छुट्टी सभी सरकारी कार्यालयों पर लागू नहीं होगी। इसका दायरा केवल बैंकों और कोषागारों तक सीमित रहेगा।
शासकीय कैलेंडर की अधिसूचना पर सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत के हस्ताक्षर हैं। यह कैलेंडर सरकारी कर्मचारियों और आम लोगों के लिए अगले साल की छुट्टियों की जानकारी उपलब्ध कराता है।


