स्वंतत्र बोल
रायपुर 29 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ में 30 और 31 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी के तीन प्रमुख राष्ट्रीय नेता प्रवास पर रहेंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी रायपुर और दुर्ग में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान जनसभा और पदयात्राओं के जरिए पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
शाम 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 30 अक्टूबर को शाम 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे। अगले दिन, 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वे आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटिक स्ट्रेस मैनेजमेंट में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ और पौधरोपण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे शिवराज सिंह चौहान राजधानी के नेताजी सुभाष स्टेडियम से तेलीबांधा मरीन ड्राइव तक आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे। यह पदयात्रा भी भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत निकाली जा रही है।


