स्वतंत्र बोल
रायपुर 29 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने दीपावली के पावन पर्व से ठीक पहले प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनरों की महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। नई व्यवस्था के तहत आगामी 1 नवंबर 2026 से महंगाई भत्ता और महंगाई राहत की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी।
इतने लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा लाभ
सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारियों और 1 लाख 50 हजार पेंशनरों को सीधा लाभ मिलेगा। महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में हुई इस वृद्धि से राज्य सरकार पर लगभग 36 करोड़ रुपए प्रतिमाह तथा कुल 432 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय भार आएगा।
मुख्यमंत्री ने दी त्योहार की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस फैसले पर कहा कि उनकी सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय कर्मचारियों को आर्थिक राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस कदम से शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के परिवारों में त्योहार की खुशियों और उल्लास में और अधिक वृद्धि होगी।


