छत्तीसगढ़ में 90 किमी/घंटे तक चल सकती हैं हवाएं, मौसम विभाग ने क्या कहा?

Cyclone approaching Chhattisgarh…

स्वतंत्र बोल
रायपुर 27 अक्टूबर 2026:
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से 28 और 29 अक्टूबर को कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी दी है। कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा की भी आशंका है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, रायपुर में मंगलवार, 27 अक्टूबर को भी बारिश और बादल गरजने के आसार हैं।

ad

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है चक्रवात ‘अर्नब’

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उससे सटे पूर्व-मध्य हिस्से में केंद्रित है। इसके 27 अक्टूबर तक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।

youtube

इसके बाद तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यनम के तट के पास बापटला और विशाखापत्तनम के बीच टकरा सकता है।

तट से टकराते समय तूफान की अधिकतम हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। हवा के झोंके 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है। इसके असर से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। मध्य छत्तीसगढ़ में भी कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा का अनुमान है।

इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है। हवा की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।

इन जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह के लिए सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव और गरियाबंद में यलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चलने की संभावना है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 27 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। मौसम विभाग ने बारिश, गरज-चमक और अंधड़ चलने की संभावना जताई है।

शहर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।