स्वतंत्र बोल
लखनऊ/मेरठ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है। राज्य के सात केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी की निगरानी में वोटों की गिनती की जा रही है। इन 11 सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था, जिसमें कुल 55 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। चुनाव मैदान में उतरे 152 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज शाम तक होने की उम्मीद है।
सात केंद्रों पर हो रही है मतगणना
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, मतों की गिनती लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में निर्धारित सात स्थानों पर हो रही है। मतगणना को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रों के बाहर और भीतर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मेरठ में मोबाइल को लेकर हंगामा, पुलिस से तीखी नोकझोंक
मेरठ काउंटिंग सेंटर के अंदर उस समय हंगामा मच गया जब निर्दलीय प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ अंदर मोबाइल ले जाने की जिद करने लगे। पुलिस द्वारा रोके जाने पर उनकी ड्यूटी पर तैनात एक दरोगा के साथ तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
आगरा में बीजेपी उम्मीदवार ने जताई जीत की उम्मीद
उधर, आगरा में जारी मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हरि किशोर तिवारी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि पार्टी को इन चुनावों में अच्छे नतीजों की पूरी उम्मीद है। प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि मतगणना प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ पूरी हो सके।


