स्वतंत्र बोल
सुकमा 8 अक्टूबर 2026 : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एलाड़मड़गु कैंप के पास IED निष्क्रिय करते समय जोरदार धमाका हो गया। इसकी चपेट में आने से CRPF के चार जवान घायल हो गए। सभी घायलों को कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें हायर सेंटर तेलंगाना के भद्राचलम ले जाया जा रहा है। घायल जवान CRPF की 50वीं वाहिनी और ATT टीम से जुड़े बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों की टीम इलाके में सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को IED मिला। उसे निष्क्रिय करने की कार्रवाई शुरू की गई। IED डिफ्यूज करते समय अचानक तेज धमाका हो गया। इसकी चपेट में चार जवान आ गए।
दो जवानों को गंभीर चोट
घायल जवानों को तत्काल कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया। यहां सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। घायलों में दो जवानों को गंभीर चोट लगी है। वहीं दो जवानों को सामान्य चोट आई है।
घायल जवानों में ASI एम. के. तिवारी (ATT टीम) और ASI अनीश खान (50वीं वाहिनी, CRPF) को गंभीर चोट लगी है। निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा (ATT टीम) और प्र.आर. कुलदीप राज (50वीं वाहिनी, CRPF) को सामान्य चोट आई है।
इलाके में सर्चिंग बढ़ाई गई
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। आसपास के क्षेत्र में सघन सर्चिंग की जा रही है।


