स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 26 सितंबर 2026: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र स्थित बड़े बन्नाक तालाब के पास गणेश विसर्जन के दौरान दो पक्षों में हुए विवाद के बाद बदमाशों ने चाकू से हमला कर तीन युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर नायक गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष सहित कई संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।
विवाद रोकने पहुंचे युवकों पर हमला, स्थिति गंभीर
घटना की शुरुआत तब हुई जब नायक गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारी और सदस्य प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे थे। इसी दौरान समिति के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ता देख पास खड़े महावीर नगर निवासी राहुल सिंह ठाकुर (24), माता चौरा निवासी सिद्धांत ध्रुव (22) और एक अन्य साथी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इससे नाराज होकर नशे में धुत हमलावरों ने उन पर ही चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पुलिस ने समिति अध्यक्ष समेत कई को पकड़ा, पुरानी रंजिश नहीं
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नायक गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष अनुज, शेखर कांति, करण रजक सहित अन्य युवकों को पकड़ लिया है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार यह वारदात किसी पुरानी रंजिश की वजह से नहीं, बल्कि नशे की हालत में हुए तात्कालिक विवाद के कारण हुई है।
जूना बिलासपुर में भी मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया केस
गणेश विसर्जन के दौरान ही सिटी कोतवाली क्षेत्र के जूना बिलासपुर में भी हिंसा की खबर सामने आई। यहां गोंड़पारा और सरकंडा इलाके से आए कुछ युवकों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद कर रहे सभी युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की है।
प्रशासन के सख्त निर्देशों का नहीं दिखा असर
विसर्जन से पूर्व जिला और पुलिस प्रशासन ने आयोजन समितियों की बैठक लेकर उपद्रव न करने और सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार ही डीजे बजाने के सख्त निर्देश दिए थे। समितियों के दावों के बावजूद शहर के कई हिस्सों में डीजे के कारण जाम की स्थिति बनी और मारपीट की घटनाएं हुईं, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


