स्वतंत्र बोल
मुंबई 20 सितंबर 2026 : लालबाग इलाके में गणेशोत्सव के दौरान महागणपति पंडाल के बाहर देर रात बिजली का करंट फैलने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा देर रात करीब दो बजे हुआ, जब पंडाल के बाहर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान अचानक करंट फैला और दो लड़के व तीन लड़कियां इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
8 साल की मासूम और महिला ने तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद पांचों पीड़ितों को भायखला स्थित मसीना अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने 8 साल की बच्ची रागिनी यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक घायल लड़की की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे परेल के ग्लोबल अस्पताल रेफर किया गया था। बाद में अधिकारियों ने हादसे में दूसरी मौत की पुष्टि की। ग्लोबल अस्पताल में भर्ती एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसकी पहचान अभी सामने नहीं आ पाई है।
अस्पताल में भर्ती घायलों की हालत नाजुक
हादसे में घायल चार लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है। मसीना अस्पताल में भर्ती तीन घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू (ICU) में रखा गया है। घायलों की पहचान 19 साल के किरण अकबर नाइक, 19 साल की तन्वी नरश हांडे, 19 साल के साहिल संदीप तारे और 12 साल की रूही सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पंडाल के बाहर करंट किस वजह से फैला और इसके पीछे क्या कारण थे, इसकी जांच पुलिस और संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के वक्त वास्तव में क्या हुआ था।


