जब जटायु ने अपनी धार से काट दिए थे रावण के सिर! जानिए नई रामायण के उन सीन्स के बारे में जो आपने पहले कभी नहीं देखे

Untitled

स्वतंत्र बोल
मनोरंजन डेस्क 5 नवंबर 2026:
 निर्माता नमित मलहोत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी की आगामी ‘रामायण’ अब तक की पारंपरिक कथाओं से बिल्कुल अलग अंदाज में बनाई गई है। इसके किरदार, प्रसंग और पिक्चराइजेशन की शैली में पूरी तरह नवीनता देखने को मिलती है। यह पुराने रिवाजों में बनने वाली पारंपरिक रामायण नहीं है, बल्कि आज की पीढ़ी की बदलती अभिरुचि को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इस फिल्म में केवल पारंपरिक राम-रावण कथा और सीताहरण तक सीमित न रहकर कई ऐसे नए प्रसंग और सीन दिखाए गए हैं, जिन्हें दर्शकों ने अब तक सिल्वर स्क्रीन पर नहीं देखा होगा।

ad

राम से पहले रावण का उदय

आमतौर पर फिल्मों या टीवी सीरियलों में रामायण की शुरुआत अयोध्या में राजा दशरथ के दरबार से होती है, लेकिन इस फिल्म की कहानी की शुरुआत सीधे रावण से होती है। फिल्म में पहले रावण के किरदार को स्थापित किया जाता है। उससे भी पहले देवासुर संग्राम और लंका पर देवों के प्रतिनिधि कुबेर के कब्जे का दृश्य है। रावण की मां कैसे उसे तैयार करती है और वह कैसे कुबेर को परास्त कर लंकाधिपति बनता है, इसे विस्तार से दिखाया गया है। इस हिस्से में यश का स्क्रीन प्रेजेंस कहानी के रोमांच को कई गुना बढ़ा देता है।

youtube

सुकुमारी नहीं, वीरांगना के रूप में सीता

फिल्म में सीता जी का किरदार साई पल्लवी निभा रही हैं। अब तक की पुरानी फिल्मों में हमने यही देखा है कि विवाह पूर्व सीता प्रकृति प्रेमी और विदुषी होने के साथ शस्त्र ज्ञान रखती हैं, लेकिन विवाह के बाद सुकुमारी बन जाती हैं। हालांकि, इस फिल्म में सीता सुकुमारी भर नहीं हैं, बल्कि वनवास के दौरान भी कई स्थलों पर शस्त्र चलाती नजर आती हैं। जब-जब राक्षसों का सामना होता है, वह राम और लक्ष्मण की तरह खर और दूषण जैसे राक्षसों से तलवार चलाकर युद्ध करती दिखती हैं। साई पल्लवी ने इस किरदार को बेहद प्रभावी ढंग से निभाया है।

जटायु और रावण का नया संघर्ष

फिल्म में जटायु की आवाज अनुपम खेर ने दी है। सीताहरण के बाद रावण और जटायु के युद्ध का एक नया प्रसंग इसमें गढ़ा गया है। जटायु लड़ते-लड़ते न केवल रावण की नाक में दम करता है, बल्कि उसे कई बार अपने पंजे में पकड़कर पुष्पक विमान से उड़ा लेता है और अपने कटे पंख की तेज धार से रावण का गला भी काट देता है। हालांकि रावण अपनी मायावी शक्ति से दोबारा सिर पा लेता है, लेकिन यह नया दृश्य फिल्म में रोमांच भर देता है।

रावण और विद्युतजिह्वा का युद्ध

फिल्म में शूर्पणखा की भूमिका रकुलप्रीत सिंह निभा रही हैं, जबकि उनके पति विद्युतजिह्वा के रूप में विवेक ओबेराय नजर आएंगे। रामायण में रावण और विद्युतजिह्वा के द्वंद्व की कथा तो है, लेकिन किसी फिल्म या सीरियल में उनके युद्ध को विस्तार से नहीं दिखाया गया था। इस फिल्म में शूर्पणखा के सामने ही रावण द्वारा उसके पति को मारे जाने और दोनों के बीच के खूनी संघर्ष को एक्शन से भरपूर अंदाज में पेश किया गया है।

एक्शन, एडवेंचर और वर्ल्डक्लास वीएफएक्स

नमित मलहोत्रा और नितेश तिवारी ने इस रामायण में आस्था और भक्ति की बुनियाद पर एक्शन और एडवेंचर का भव्य महल खड़ा किया है। सोने की लंका और पुष्पक विमान की संरचना में वीएफएक्स का शानदार इस्तेमाल हुआ है। इसके अलावा, कवि कुमार विश्वास के शृंगारपरक गीत और हंस जिम्मर तथा एआर रहमान का क्लासिक बैकग्राउंड स्कोर इस फिल्म को वैश्विक स्तर का सिनेमा बनाते हैं।