स्वतंत्र बोल
रायपुर 23 अगस्त 2026 नवा रायपुर के ब्लू वाटर में डूबे 24 वर्षीय आदिल की तलाश करीब 80 घंटे बाद खत्म हो गई। कई घंटों से पानी में चल रहे सर्च ऑपरेशन के बीच देर रात उसका शव पानी की सतह पर नजर आया। रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला। रेस्क्यू टीम के मुताबिक, पानी में लंबे समय तक रहने के कारण शव फूल गया था, जिसके बाद वह ऊपर आ गया। शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों ने जरूरी प्रक्रिया पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि रायपुर के मौदहापारा का रहने वाला आदिल दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने गया था। इसी दौरान दोस्तों के बीच गहरे पानी को तैरकर पार करने को लेकर शर्त लग गई। आदिल भी पानी में उतर गया, लेकिन इसके बाद वह वापस बाहर नहीं आ सका।
घटना के बाद से ही SDRF और जिला प्रशासन की टीमें लगातार ब्लू वाटर में सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने पानी के अलग-अलग हिस्सों में आदिल की तलाश की, लेकिन कई घंटों तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। आखिरकार करीब 80 घंटे बाद आदिल का शव पानी के ऊपर दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों को भी इसकी जानकारी दी गई। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आदिल की मौत की वास्तविक वजह और उससे जुड़ी परिस्थितियों को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी।


