स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 अगस्त 2026 राजधानी रायपुर में बैंकिंग फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक में एक ग्राहक की FD तुड़वाकर करीब 14.97 लाख रुपये की हेराफेरी करने का आरोप है। मामले में पुलिस ने बैंक के उप प्रबंधक समेत दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राहक सुषमा कुमार का खाता एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर शाखा में है। आरोप है कि बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह ने 17 जुलाई को फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म के जरिए बिना जानकारी दिए उनके खाते का मोबाइल नंबर बदल दिया।
इसके बाद कथित तौर पर बैंकिंग ऐप के जरिए खाते तक पहुंच बनाई गई और 14.40 लाख रुपये से ज्यादा की FD समय से पहले तोड़ दी गई। FD की रकम और खाते में मौजूद अन्य पैसे मिलाकर करीब 14.97 लाख रुपये गुढ़ियारी की निजी फर्म इंडियन सेल्स के खाते में ट्रांसफर किए गए।
पुलिस के अनुसार, फर्म का संचालन योगेश येडे करता है। आरोप है कि बाद में रकम चेक और ATM के जरिए निकाल ली गई।
मामला 7 अगस्त को तब सामने आया, जब ग्राहक बैंक पहुंचीं और खाते में गड़बड़ी की जानकारी मिली। बैंक की आंतरिक जांच के बाद शाखा प्रबंधक ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल पुलिस बैंक रिकॉर्ड, चेक और ATM ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस कथित फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल थे।


