सक्ती के चर्चित पति-पत्नी हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी और लूट का माल खरीदने वाला सराफा कारोबारी गिरफ्तार

स्वतंत्र बोल
सक्ती, 10 जून 2026: जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के सेंदुरस गांव में हुए सनसनीखेज पति-पत्नी हत्याकांड और लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो मुख्य आरोपियों के साथ लूटे गए गहनों को खरीदने वाले एक सराफा व्यापारी को भी गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आए तथ्यों ने पुलिस को भी चौंका दिया, क्योंकि गिरफ्तार दोनों आरोपी वर्ष 2024 के चर्चित मुक्ता डबल मर्डर केस में भी शामिल पाए गए हैं।

ad

पुलिस के अनुसार, 2 और 3 जून 2026 की दरमियानी रात सेंदुरस गांव में घर के बरामदे में सो रहे पुरुषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहारिन बाई खुंटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने लोहे की रॉड से दंपती के सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद घर से सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन भी गायब मिले थे।

youtube

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। एएसपी पंकज पटेल, एसडीओपी भुवनेश्वरी पैंकरा, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को जांच में लगाया गया। तकनीकी जांच के दौरान मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीईआईआर पोर्टल की मदद से पुलिस आरोपी देवकुमार यादव तक पहुंची, जिसके कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ।

कड़ाई से पूछताछ में देवकुमार यादव ने अपने साथी रूपचरण यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। दोनों आरोपी पंडरीपानी गांव के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर उनका मृतक पुरुषोत्तम खुंटे से विवाद हुआ था। इसी रंजिश को लेकर उन्होंने हत्या की साजिश रची। घटना वाली रात स्केल पट्टी की मदद से दरवाजा खोलकर घर में घुसे और सो रहे दंपती पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हत्या के बाद वे घर से गहने, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने रूपचरण यादव के घर से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, खून से सने कपड़े और 74 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि लूटे गए सोने के आभूषण जैजैपुर स्थित खिलेश्वर ज्वेलर्स के संचालक बाबूलाल साहू को 84 हजार रुपये में बेचे गए थे। पुलिस ने सराफा व्यापारी बाबूलाल साहू को भी गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से लूटे गए आभूषण बरामद कर लिए हैं।

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और वर्ष 2024 के मुक्ता डबल मर्डर केस से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।