ओडिशा बॉर्डर से दिल्ली तक फैला था गांजे का खेल! धमतरी पुलिस ने ट्राई-जंक्शन पर दबोचा बड़ा तस्कर

स्वतंत्र बोल
धमतरी  25 मई 2026: धमतरी पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार करते हुए दिल्ली के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाइक में गांजा छिपाकर राजस्थान ले जाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सटीक घेराबंदी ने उसका पूरा खेल बिगाड़ दिया।

ad

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। खासकर ओडिशा, कोंडागांव और धमतरी से जुड़े ट्राई-जंक्शन इलाके में पुलिस ने निगरानी और सख्त कर दी है, क्योंकि यह इलाका लंबे समय से गांजा तस्करी का बड़ा रूट माना जाता रहा है।

youtube

बताया गया कि थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक हीरो स्प्लेंडर बाइक से भारी मात्रा में गांजा लेकर देवभोग-मेचका मार्ग होते हुए सांकरा की तरफ आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने फॉरेस्ट नाका सांकरा में घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गई तो पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी के पास मौजूद स्काई ब्लू रंग के पिट्ठू बैग और प्लास्टिक पॉलिथीन से कुल 7 किलो 724 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोंटू शर्मा बताया, जो दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजे की खेप को राजस्थान ले जाने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

आरोपी किसी भी तरह का वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

धमतरी पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और तस्करों के नए तरीकों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक खुद नाकों का निरीक्षण कर टीमों को हर संदिग्ध वाहन की बारीकी से जांच करने के निर्देश दे रहे हैं।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि अब गांजा तस्करों के लिए छत्तीसगढ़ का रास्ता आसान नहीं रह गया है।