रात होते ही सड़क पर उतरी पुलिस… एक-एक कर पकड़े गए 57 ‘नशेड़ी ड्राइवर’, कई गाड़ियां जब्त

स्वतंत्र बोल
रायपुर 25 मई 2026: रायपुर में शराब पीकर सड़क पर फर्राटा भरने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। देर रात शहर के अलग-अलग चौकों पर चले विशेष अभियान में 57 नशे में वाहन चलाने वाले ड्राइवर पकड़े गए। पुलिस ने कई वाहनों को जब्त कर चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ad

राजधानी में बढ़ते सड़क हादसों और लापरवाह ड्राइविंग पर लगाम लगाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट लगातार सख्ती बरत रहा है। पुलिस कमिश्नर और यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार रात शहरभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

youtube

एसीपी यातायात सतीष कुमार ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 9 प्रमुख स्थानों— तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भांठागांव, टाटीबंध, कालीबाड़ी, जय स्तंभ, भनपुरी चौक और पंडरी थाना के सामने— पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते कुल 57 चालक पकड़े गए। इनमें 40 कार चालक, 5 बाइक सवार, 3 ऑटो चालक और 9 मालवाहक वाहन चालक शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चालान काटा है और अब उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक इस साल अब तक 3309 नशेड़ी वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि शराब पीकर वाहन चलाना सिर्फ कानून तोड़ना नहीं, बल्कि खुद और दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालना है। आने वाले दिनों में भी शहरभर में इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।