तेज रफ्तार, बिना हेल्मेट और खतरनाक ड्राइविंग वालों पर टूटा पुलिस का कहर… एक दिन में वसूले गए डेढ़ लाख से ज्यादा

स्वतंत्र बोल
रायगढ़,22 मई 2026:  सड़क पर लापरवाही अब भारी पड़ने लगी है। रायगढ़ पुलिस ने यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ ऐसा शिकंजा कसा कि एक ही दिन में चालानी कार्रवाई का रिकॉर्ड टूट गया। हाईवे से लेकर शहर के व्यस्त चौक-चौराहों तक विशेष चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की।

ad

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में 21 मई 2026 को डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम ने विशेष अभियान चलाया।

youtube

सबसे ज्यादा कार्रवाई गेरवानी–पूंजीपथरा मार्ग पर की गई, जहां भारी वाहनों की जांच के दौरान रिकॉर्ड संख्या में चालान काटे गए। इसके अलावा शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर ओवर स्पीड, खतरनाक ड्राइविंग, नो पार्किंग, नियम विरुद्ध रजिस्ट्रेशन नंबर, तीन सवारी, बिना हेल्मेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों को भी नहीं बख्शा गया।

पूरे अभियान के दौरान कुल 120 प्रकरण दर्ज किए गए और वाहन चालकों से 1 लाख 51 हजार 700 रुपए की चालानी राशि वसूली गई। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।

रायगढ़ पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि सड़क पर लापरवाही अब सीधे कानूनी कार्रवाई में बदल सकती है। हाल ही में पुसौर थाना क्षेत्र में हुए दो बड़े सड़क हादसों के बाद आरोपित वाहन चालकों पर आपराधिक मानव वध जैसी गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी किसी भी परिवार के लिए बड़ी त्रासदी बन सकती है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की।

पुलिस का कहना है कि यह अभियान सिर्फ चालान काटने के लिए नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाया जा रहा है, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और लोगों की जिंदगी सुरक्षित रह सके।