स्वतंत्र बोल
रायपुर 22 मई 2026: छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। कभी नक्सल प्रभावित और बुनियादी सुविधाओं से जूझने वाला बीजापुर जिले का उसूर ब्लॉक अब विकास की नई पहचान बनकर उभरा है। नीति आयोग की ‘चैंपियंस ऑफ द क्वार्टर’ (अक्टूबर-दिसंबर 2025) रिपोर्ट में उसूर ब्लॉक ने सेंट्रल जोन में पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल कर बड़ा इतिहास रच दिया है।
इस उपलब्धि के बाद प्रदेश में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की बड़ी जीत बताते हुए उसूर ब्लॉक के नागरिकों, स्वास्थ्य कर्मियों और जिला प्रशासन को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर के दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता रही है और उसूर ब्लॉक ने कठिन परिस्थितियों में जो उपलब्धि हासिल की है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह सफलता मितानिन बहनों, एएनएम, डॉक्टरों और जमीनी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। अब सरकार का अगला लक्ष्य देश में पहला स्थान हासिल करना है।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष जताया। उन्होंने कहा कि जिस उसूर ब्लॉक को कभी सुविधाओं के अभाव वाला क्षेत्र माना जाता था, आज वही देश के लिए विकास का मॉडल बन गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं अब अंतिम व्यक्ति तक पूरी मजबूती से पहुंच रही हैं।
नीति आयोग ने स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े कई अहम मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया था। उसूर ब्लॉक ने संचारी रोगों पर नियंत्रण, सुरक्षित मातृत्व, टीकाकरण और गंभीर बीमारियों की जांच जैसे क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन किया।
मलेरिया, डेंगू और अन्य बीमारियों की रोकथाम के लिए गांव-गांव अभियान चलाया गया। संस्थागत प्रसव में रिकॉर्ड बढ़ोतरी से मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी आई। बच्चों और गर्भवती महिलाओं के नियमित टीकाकरण के साथ एचपीवी वैक्सीनेशन को भी प्रभावी ढंग से लागू किया गया। वहीं बीपी, शुगर और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की मुफ्त जांच और उपचार सुविधाएं भी सुदूर गांवों तक पहुंचाई गईं।
कलेक्टर विश्वदीप और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने इस उपलब्धि को पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य सिर्फ एक है — आने वाली तिमाहियों में देश में पहला स्थान हासिल करना।


