स्वतंत्र बोल
कवर्धा,20 मई 2026: जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। डायल 112 की पुलिस गाड़ी, जिसमें नाग चोरी के आरोपी को ले जाया जा रहा था, अचानक हाईवे पर बेकाबू हो गई और एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए।
घटना नेशनल हाईवे-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग स्थित बिरकोना गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव के शिव मंदिर में शिवलिंग से लिपटे नाग की चोरी का मामला सामने आया था। ग्रामीणों ने कथित आरोपी को पकड़कर इसकी सूचना डायल 112 को दी थी। पुलिस टीम आरोपी को वाहन में बैठाकर थाने ले जा रही थी, तभी रास्ते में यह बड़ा हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डायल 112 वाहन काफी तेज रफ्तार में था। इसी दौरान उसने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम को घेर लिया। कुछ देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस वाहन लापरवाही और तेज रफ्तार में चलाया जा रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के बाद इलाके में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


