स्वतंत्र बोल
भिलाई,20 मई 2026: शहर के आईआईटी ग्राउंड के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध हालत में घेर लिया। सफेद रंग की पल्सर बाइक पर बैठा युवक काफी देर से किसी का इंतजार कर रहा था। पुलिस को भनक लगी तो टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दी। इसके बाद जो मिला, उसने सबको चौंका दिया।
खुर्सीपार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 11 किलो से ज्यादा गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सन्नी यादव उर्फ सन्नी देवार निवासी देवार मोहल्ला खुर्सीपार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था।
जानकारी के अनुसार 19 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक सफेद रंग की बजाज पल्सर एनएस 200 बाइक में भारी मात्रा में गांजा लेकर आईटीआई मैदान के पास खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास रखे पीले-सफेद रंग के थैले की जांच की गई। बैग खोलते ही पुलिस भी दंग रह गई। अंदर छोटे-बड़े पैकेटों में भरा हुआ गांजा मिला। जांच में कुल 11 किलो 160 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1480 रुपए नकद और एक सफेद रंग की बजाज पल्सर एनएस 200 बाइक भी जब्त की। खास बात यह रही कि बाइक के आगे नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी, जिससे पुलिस को शक और गहरा गया।
बरामद गांजा की कीमत करीब 5 लाख 39 हजार रुपए आंकी गई है, जबकि बाइक की कीमत 75 हजार रुपए बताई गई। कुल जब्ती 6 लाख 15 हजार 480 रुपए की हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी गांजा रखने या बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 27(ए) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
अब पुलिस इस बात की जांच में जुट गई है कि आरोपी इतनी बड़ी खेप कहां से लेकर आया था और शहर में किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।


