रायपुर, कोरबा और सूरजपुर में अलग-अलग हादसों ने ली 7 लोगों की जान, चीख-पुकार और मातम से दहले इलाके

रायपुर/कोरबा/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में मंगलवार का दिन कई परिवारों के लिए ऐसा दर्द छोड़ गया, जिसे शायद जिंदगीभर भुलाया नहीं जा सकेगा। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए भयावह हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई। कहीं तेज रफ्तार ने लोगों की जिंदगी छीन ली, तो कहीं मशीन की चपेट में आकर महिला मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक ग्रामीण ट्रेन की टक्कर से मौत के मुंह में समा गया। हादसों के बाद कई इलाकों में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया।

ad

सड़क पर बिछीं लाशें, रातभर लगा जाम

पहली घटना कोरबा जिले के जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग की है, जहां अज्ञात वाहन ने दो ग्रामीणों को कुचल दिया। हादसे में अरदा निवासी प्रकाश और चाकाबुड़ा निवासी बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आधी रात तक चक्काजाम कर दिया। लोगों का आरोप था कि इलाके में अवैध रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टर रात में तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।

youtube

पिकनिक से लौट रहे थे युवक, रास्ते में खत्म हो गई जिंदगी

कोरबा के बालको थाना क्षेत्र में खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। झोरघाट से पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सोनू यादव और सत्यम यादव की मौत हो गई, जबकि कई युवक घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मशीन बनी मौत का जाल, महिला मजदूर की दर्दनाक मौत

कोरबा की प्रेम एंटरप्राइजेज राखड़ ईंट फैक्ट्री में 26 वर्षीय बिछनी बाई मशीन साफ करते समय उसकी चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि मशीन चालू हालत में थी और अचानक लीवर नीचे गिरने से महिला दब गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया। करीब चार घंटे तक चले हंगामे और बातचीत के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने 75 हजार रुपए तत्काल सहायता, बच्चे के नाम 2 लाख की एफडी, हर महीने भरण-पोषण राशि और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति जताई।

रेलवे ट्रैक पर मिली लाश, हादसा या साजिश?

अभनपुर में रायपुर-राजिम ट्रेन की चपेट में आने से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक ग्राम सिवनी का रहने वाला बताया जा रहा है। शव के पास से एक बाइक भी बरामद हुई है। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह आत्महत्या थी या हादसा।

रेत लेने जा रहा ट्रैक्टर बना मौत का कारण

सूरजपुर जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र में सिंदरी नाले के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर रेत लेने जा रहा था तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन नाले में पलट गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रदेश में एक ही दिन में हुई इन दर्दनाक घटनाओं ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कहीं लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं तो कहीं तेज रफ्तार और अवैध गतिविधियों को हादसों की वजह बताया जा रहा है।