स्वतंत्र बोल
रायपुर 21 नवंबर 2026: रेलवे स्टेशन परिसर में दो साल की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अहम जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, बच्ची की मौत जमीन पर पटकने से हुई। वहीं, दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस ने बच्ची के पिता को हिरासत में लिया है। जीआरपी अब हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। मामला 19 नवंबर का है। रेलवे स्टेशन के फुटपाथ पर रहने वाली 25 वर्षीय महिला की करीब दो साल की बच्ची की तबीयत खराब होने पर उसे अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दोपहर करीब 2 बजे बच्ची की मौत हो गई थी। शुरुआत में बच्ची की मौत सामान्य बीमारी से होना प्रतीत हो रहा था। उस समय परिजनों ने भी किसी तरह की आशंका नहीं जताई थी।
परिजनों ने मौत पर जताया संदेह, पोस्टमार्टम की मांग की
अस्पताल से मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन बच्ची का शव लेकर चले गए थे। हालांकि, बाद में उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए जीआरपी थाने पहुंचकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से आवेदन लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शुक्रवार को बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में जमीन पर पटकने से मौत होने की बात सामने आई है। साथ ही, दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।
पिता हिरासत में, हत्या की FIR दर्ज करने की तैयारी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने बच्ची के पिता को हिरासत में लिया है। जीआरपी अब उसके खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।


