बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। ओपन स्कूल परीक्षा के दौरान कथित तौर पर खुलेआम नकल कराए जाने का CCTV वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जब मीडिया ने जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल पूछे तो जवाब देने के बजाय अधिकारी ही भड़क उठे और पत्रकारों को धमकी तक दे डाली।
मामला कसडोल स्थित Swami Atmanand School का बताया जा रहा है, जहां 30 मार्च को ओपन स्कूल की परीक्षा आयोजित की गई थी। अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित CCTV फुटेज में परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे जिले में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि मीडिया कर्मी जब परीक्षा केंद्र पहुंचे और स्कूल प्रबंधन व अधिकारियों से वायरल वीडियो को लेकर सवाल पूछने लगे, तब माहौल अचानक गरमा गया। आरोप है कि अधिकारियों ने कैमरा बंद करने का दबाव बनाया और पत्रकारों से बदसलूकी की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अधिकारियों ने यहां तक कह दिया, “वीडियो बनाओगे तो सोच लेना…”
मामले को बढ़ता देख परीक्षा केंद्र से जुड़े कई जिम्मेदार अधिकारी और स्कूल प्रबंधन के लोग कार्यालय छोड़कर निकल गए। इसके बाद सवाल और गहरे हो गए कि अगर परीक्षा केंद्र में कथित तौर पर नकल हो रही थी तो वहां निगरानी और नियंत्रण की जिम्मेदारी किसकी थी।
वायरल वीडियो के बाद अब निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। हालांकि अब तक शिक्षा विभाग की ओर से इस मामले में कोई स्पष्ट कार्रवाई सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह मुद्दा तेजी से तूल पकड़ता जा रहा है।


