टावर की ऊंचाई पर जिंदगी का दांव… अचानक चढ़ा युवक, नीचे खड़ी भीड़ और सांसें थामे पुलिस

स्वतंत्र बोल
जगदलपुर, 08 अप्रैल 2026:
 शहर के धरमपुरा रोड पर उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से नीचे झांकते हुए लोगों की सांसें थमा दीं। यह खौफनाक नजारा धरमपुरा स्थित विशाल मेगामार्ट के पास देखने को मिला, जहां दीपक विश्वकर्मा नाम का युवक टावर की ऊंचाई पर पहुंच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हालात इतने आसान नहीं थे। ऊंचाई पर खड़े युवक को नीचे उतारना किसी चुनौती से कम नहीं था। हर पल यह डर बना हुआ था कि अगर युवक का संतुलन बिगड़ा तो एक बड़ी अनहोनी हो सकती है।

बताया जा रहा है कि युवक पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था, जिसके चलते उसने यह खतरनाक कदम उठाया। वह भोपाल का निवासी बताया जा रहा है। वहीं, नीचे खड़ी भीड़ लगातार इस पूरे घटनाक्रम को देख रही थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के जवान घंटों तक युवक से बातचीत करते रहे, उसे समझाने और शांत करने की कोशिश करते रहे। हर शब्द और हर कोशिश इस बात पर टिकी थी कि युवक सुरक्षित नीचे आ जाए और कोई हादसा न हो।

फिलहाल प्रशासन की पूरी कोशिश युवक की जान बचाने पर केंद्रित है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर ऐसा क्या होता है जो किसी को अपनी जिंदगी को इस तरह दांव पर लगाने के लिए मजबूर कर देता है।